लखनऊ। देश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बावजूद हिंसक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी। जवाब में पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। जिसमें फायरिंग के दौरान एक सख्स की मौत हो गयी है। बताया जा रहा है कि युवक के पेट में गोली लगी थी। मारे गए शख्स का नाम मोहम्मद वकील है। प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ में मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं। लखनऊ में प्रदर्शन को देखते हुए परिवर्तन चौक के पास केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन को शाम 5 बजे तक बंद रखा जाएगा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकियों पर हमला किया, पथराव किया। साथ में ही मीडिया की कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे भी जब बात नहीं बनी तो प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया। इसी बीच भीड़ की हिंसा को दबाने के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई है। पुलिस अभी यह नहीं पुष्टि कर रही है कि मौत फायरिंग की वजह से हुई है या नहीं। प्रदर्शनकारी युवक के पेट में गोली लगी थी। लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हुसैनाबाद में बवाल के दौरान चली गोली में उसकी मौत हुई. युवक सज्जाद बाग का रहने वाला था। इसी हमले में रंजीत सिंह नाम के पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है। रंजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिंसक प्रदर्शन में लखनऊ पुलिस के पीआरओ और एसपी को चोटें आई हैं। एडीजी लखनऊ रेंज और आईजी को भी हल्की चोटें आई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा भड़की और प्रदर्शनकारियों ने यूपी रोडवेज की 4 बसों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। वहीं नागरिकता संसोधन कानून को लेकर वाराणसी में विपक्ष विरोध मार्च निकाल रहा है।








